पन्ना। सोशल मीडिया पर प्रचारित बड़े धार्मिक आयोजनों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय महिला गिरोह का पन्ना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मऊ और जौनपुर जिले की रहने वाली छह महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो मंगलसूत्र, एक कार सहित करीब 6 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
सोशल मीडिया से होती थी रेकी
पुलिस के अनुसार यह गिरोह इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बड़े सत्संग, मेले और धार्मिक आयोजनों की जानकारी जुटाता था। आयोजनों की तारीख, स्थान और भीड़ का अंदाजा लगाकर आरोपी पहले से योजना बनाते और फिर किराए की कार से मौके पर पहुंचते थे।
भीड़ का फायदा उठाकर करते थे चोरी
आरोपी भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाते हुए महिलाओं के गले से मंगलसूत्र चोरी कर लेते थे। ताजा मामला सलेहा थाना क्षेत्र के श्यामगिरी का है, जहां हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान मची अव्यवस्था के बीच गिरोह ने दो महिलाओं के मंगलसूत्र चोरी कर लिए।
पुलिस की सतर्कता से पकड़ा गया गिरोह
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की और अंततः छह महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह संगठित तरीके से विभिन्न राज्यों में इसी तरह की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। मामले की आगे जांच की जा रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य अपराधों और संभावित साथियों की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बड़े आयोजनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहें तथा कीमती आभूषण पहनते समय विशेष सावधानी बरतें।
















Users Today : 4
Total Users : 17945
Views Today : 5
Total views : 31184
Who's Online : 0
Server Time : July 14, 2026 3:11 pm