● भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के कैडेट्स ने संभाली यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा का दिया संदेश
● यातायात पुलिस के साथ चौराहे पर किया यातायात संचालन, अब अन्य लोगों को भी करेंगे जागरूक
● बच्चों की अपील पर वाहन चालकों ने नियम पालन का संकल्प लिया।
इंदौर, दिनांक 10 अक्टूबर 2026। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में निरंतर सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इस पहल में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं जिम्मेदार नागरिकों का भी निरंतर सहयोग मिल रहा है।

इसी कड़ी में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ इंदौर के कैडेट्स ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं यातायात संचालन में सक्रिय सहभागिता की।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात श्री विक्रम सिंह रघुवंशी एवं यातायात थाना प्रभारी श्री अरविंद दांगी की उपस्थिति में स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारी हेमंत मुरमकर (कोषाध्यक्ष), वैजयंती गहलोत (संयुक्त सह सचिव), योगेश जोशी (सहायक आयुक्त), उत्कृष्ट चौधरी प्रभारी यातायात स्काउट गाइड की उपस्थित में स्काउट-गाइड को यातायात पुलिस की टीम द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें यातायात संचालन की प्रक्रिया, यातायात संकेतों, सिग्नल, स्टॉप लाइन, ज़ेबरा क्रॉसिंग तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात श्री विक्रम सिंह रघुवंशी ने कैडेट्स को बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनती है, इसलिए यातायात नियमों को समझना और उनका पालन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि स्काउट्स एवं गाइड्स के कैडेट्स जागरूकता अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए अपने विद्यालयों, परिवारों एवं समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति प्रेरित कर सकते हैं।

इसके पश्चात यातायात थाना प्रभारी श्री अरविंद दांगी, निरीक्षक सुश्री राधा यादव के मार्गदर्शन में पलासिया चौराहे पर कैडेट्स ने यातायात पुलिस कर्मियों के साथ यातायात संचालन में सहयोग किया। कैडेट्स ने वाहन चालकों को रेड लाइट पर स्टॉप लाइन का पालन करने के लिए जागरूक किया, पैदल यात्रियों को ज़ेबरा क्रॉसिंग से सड़क पार करवाने में सहायता की तथा आपातकालीन वाहनों के लिए सुगम रास्ता सुनिश्चित करने में सहयोग दिया।कैडेट्स ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने एवं चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने का संदेश भी दिया। बच्चों की अपील पर अनेक वाहन चालकों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ इंदौर के पदाधिकारियों ने इस पहल को सार्थक बताते हुए कहा कि इस गतिविधि से कैडेट्स को यातायात व्यवस्था को नजदीक से समझने और सड़क सुरक्षा नियमों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला है। इस अभियान के माध्यम से प्राप्त संदेश को स्काउट्स एवं गाइड्स की विभिन्न टीमों तथा विद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा। आगामी दिनों में अन्य कैडेट्स भी इसी प्रकार यातायात पुलिस के साथ मिलकर सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं यातायात प्रबंधन में सहयोग करेंगे।



