रतलाम। जावरा के ग्राम चिकलाना में एमडी ड्रग बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुरुवार – शुक्रवार देर रात मस्जिद के पीछे स्थित एक मकान पर रात करीब एक बजे छापा मारकर यह बड़ी कार्रवाई की।
उक्त मकान दिलावर खां का बताया जा रहा है, जहां बीते लगभग एक वर्ष से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पुलिस ने पूरे इलाके को छावनी बनाया हुआ है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से करीब पांच किलो एमडी ड्रग, केमिकल से भरे कई ड्रम, एमडी निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों के साथ-साथ हथियार भी मिलने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां बड़ी मात्रा में एमडी तैयार कर उसकी सप्लाई की जा रही थी।
पुलिस ने मौके से 10 से अधिक आरोपितों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक लाल, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय, सीएसपी जावरा युवराज सिंह चौहान सहित जावरा व कालूखेड़ा थाना पुलिस तथा भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया। फोरेंसिक टीम भी मौके पर उपस्थित है।
तीन दिन से एसपी कर रहे निगरानी
एसपी अमित कुमार भोपाल से पूरी कार्रवाई पर नजर बनाए हुए थे। भोपाल में अस्थाई कंट्रोल रूम बनाकर वे रात भर पल-पल की जानकारी लेते रहे और विशेष टीमों को लगातार निर्देश देते रहे। जानकारी के अनुसार विशेष टीमें पिछले तीन दिनों से इस अवैध फैक्ट्री को लेकर रेकी कर रही थीं, जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से यह छापा मारा गया।
फिलहाल जब्त एमडी ड्रग, केमिकल और हथियारों की विधिवत गणना व परीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
















Users Today : 7
Total Users : 16553
Views Today : 7
Total views : 29494
Who's Online : 0
Server Time : April 26, 2026 1:44 pm