
इंदौर शहर में वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले चालकों के खिलाफ यातायात प्रबंधन पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों का कहना है कि गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बातचीत करना न केवल चालक के अपने जीवन के लिए, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी बेहद खतरनाक है। इसी लापरवाही पर लगाम लगाने के लिए नागरिकों द्वारा ‘यातायात हेल्पलाइन’ और ‘इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप’ के माध्यम से दी गई शिकायतों के आधार पर यातायात पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया है।
🚫 हेल्पलाइन और ऐप की शिकायतों पर एक्शन: पुलिस ने दोपहिया चालकों पर की चालानी कार्रवाई
यातायात थाना प्रभारी अरविंद दांगी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान, दोपहिया वाहन क्रमांक MP09 LH 4945 के चालक को अन्य नियमों का उल्लंघन करते हुए और लंबे समय तक मोबाइल पर बात करते पाए जाने पर 4,800 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा, एक अन्य मामले में वाहन क्रमांक MP09UY 2532 के चालक द्वारा पीछे से आ रहे वाहन को साइड न देकर लगातार मोबाइल पर बात करने पर 2,300 रुपए का जुर्माना ठोका गया। इस प्रकार दोनों मामलों में कुल 7,100 रुपए का जुर्माना वसूला गया है। यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय मोबाइल के इस्तेमाल से बचें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।






