भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट (IHRCT) एवं जिला अंधत्व निवारण समिति, जिला धार के संयुक्त तत्वावधान में 28 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरदारपुर में निःशुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. शीला मुजाल्दा एवं भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट के राष्ट्रीय संयोजक श्री प्रेमकुमार वैद्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं भगवान श्री गणेश के पूजन के साथ किया गया।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. शीला मुजाल्दा ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के अंतिम व्यक्ति तक नेत्र चिकित्सा की सुविधा पहुँचाना है। शिविरों के माध्यम से मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है तथा मोतियाबिंद से पीड़ित चयनित मरीजों का लेंस प्रत्यारोपण चोइथराम नेत्रालय, इंदौर के कुशल नेत्र विशेषज्ञों द्वारा किया जाता है। इस प्रकार के आयोजनों से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को काफी लाभ मिल रहा है।
भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट के राष्ट्रीय संयोजक श्री प्रेमकुमार वैद्य ने संगठन की स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों एवं समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाने के प्रयासों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि संगठन का संकल्प है कि समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएँ प्राप्त हों। इसके लिए सामाजिक संस्थाओं एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण उपचार से वंचित न रहे।
शिविर में नेत्र चिकित्सा सहायक डॉ. सतीश पाराशर द्वारा कुल 86 मरीजों का नेत्र परीक्षण किया गया। परीक्षण के उपरांत मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित 29 मरीजों को बस के माध्यम से चोइथराम नेत्रालय, इंदौर भेजा गया, जहाँ उनके ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण की चिकित्सा प्रक्रिया की जानी है।
शिविर के दौरान ट्रस्ट के सदस्यों द्वारा मरीजों को चाय एवं बिस्किट के पैकेट वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराना तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।MP Ki Awaaz © 2025, All Rights Reserved - Design & Developed by SMC Web Solution.
MP Ki Awaaz © 2025, All Rights Reserved - Design & Developed by SMC Web Solution.