भोपाल. देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और शीत लहर का असर जारी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर भारत और मध्य भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम की गंभीर स्थिति बनी रहेगी. पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घने से अत्यंत घने कोहरे की स्थिति देखने को मिली. पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भी घना कोहरा छाया रहा.
कई स्थानों पर दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई. आगरा, प्रयागराज, कानपुर, अमृतसर, अंबाला, ग्वालियर और खजुराहो में दृश्यता शून्य मीटर तक दर्ज की गई. मेरठ, बरेली, पटियाला, रांची, राउरकेला और अंबिकापुर में दृश्यता 50 मीटर या उससे भी कम रही.
ठंड और शीत लहर का प्रकोप
पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में कोल्ड डे से लेकर गंभीर कोल्ड डे की स्थिति दर्ज की गई . उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी दिनभर ठंड का असर रहा. वहीं उत्तर आंतरिक कर्नाटक में शीत लहर से लेकर गंभीर शीत लहर की स्थिति देखी गई जबकि तेलंगाना के कुछ इलाकों में भी ठंड बढ़ी है.
तापमान की स्थिति
देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस मध्य प्रदेश के उमरिया में दर्ज किया गया. उत्तर भारत और दक्षिण भारत के कई राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है. हालांकि कुछ इलाकों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है.
आगे कैसा रहेगा मौसम
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है. इसके बाद फिर गिरावट आ सकती है. पूर्वी भारत में अगले 4 दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. महाराष्ट्र, मध्य भारत और पूर्वोत्तर भारत में अगले 7 दिनों तक तापमान लगभग स्थिर रहने की संभावना है.
पश्चिमी विक्षोभ का असर
एक पश्चिमी विक्षोभ इस समय ईरान के ऊपर सक्रिय है, जिसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ्फराबाद में अगले 3 दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है. 21 दिसंबर को कश्मीर घाटी में कुछ जगहों पर भारी बर्फबारी भी हो सकती है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं.
कोहरा और ठंड को लेकर चेतावनी
उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और मध्य प्रदेश में 21 दिसंबर की सुबह तक घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है. 25 से 27 दिसंबर के बीच पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फिर से घना कोहरा छा सकता है. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है.
मछुआरों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग ने मछुआरों को 20 से 25 दिसंबर के बीच समुद्र में न जाने की सलाह दी है क्योंकि समुद्री इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.







