धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में लेबड़-नयागांव फोरलेन पर रविवार रात करीब 11:30 बजे एक दिल नहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है। बदनावर में सादलपुर और खेरोद के बीच एक ढाबे के पास तेज रफ्तार डिजायर कार अनियंत्रित होकर पुलिया के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का इंजन उखड़कर सड़क पर जा गिरा और गाड़ी पुलिया से नीचे गिरकर पलक झपकते ही आग का गोला बन गई। हादसे के वक्त कार में सवार पांचों दोस्त सांवरिया सेठ मंदिर के दर्शन कर वापस सागौर लौट रहे थे।
🚒 हादसे में कार के अंदर फंसे 4 युवक, 1 उछलकर बाहर गिरा: इंदौर रेफर घायल की हालत गंभीर
कार में भीषण आग लगने के कारण अंदर सवार चार युवक बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके और आग में झुलसकर उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, एक युवक दुर्घटना के दौरान कार से बाहर उछलकर गिर पड़ा, जिससे उसकी जान बच गई। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। मृतकों की पहचान बड़ी सागौर निवासी अंकुश उर्फ भीम (20), चेतन चौधरी (20), आदित्य उर्फ अनमोल तिवारी (19) और सुहागपुर निवासी अभिषेक सोलंकी के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल तुषार मंडलोई (20) को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।







