आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्लाह खान क्या अब खुद अपने इलाके में बुलडोजर एक्शन लेंगे? उन्होंने ओखला की दुर्दशा कबूल करते हुए अब खुद सफाई करने और पुलिस-MCD के साथ मिलकर अतिक्रमण हटवाने का ऐलान कर दिया है। तीन बार के विधायक ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में किस तरह गंदगी, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, ट्रैफिक जाम जैसी कई समस्याएं हैं, जिससे आम लोगों को काफी दिक्कत होती है। अमानतुल्लाह ने अब झाड़ू लेकर खुद सड़कों पर उतरने और साफ-सफाई समेत अन्य परेशानियों से जनता को निजात दिलाने का वादा किया है।
अमानतुल्लाह खान दिल्ली में ‘AAP‘ का प्रमुख मुस्लिम चेहरा हैं और 2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की लहर के बावजूद अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे। खान ने अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर करते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र की न सिर्फ दिक्कतें बताईं, बल्कि दुर्दशा बयां करती तस्वीरें भी दिखाईं। अब उन्होंने खुद मोर्चा संभालने और अपनी टीम के साथ सड़कों पर उतरकर इन समस्याओं को दूर करने का वादा किया है।
अमानतुल्लाह खान ने कहा, “ओखला इस वक्त बहुत बुरे हालात से गुजर रहा है। अतिक्रमण का बुरा हाल है, गलियों में और सड़कों पर गंदगी का बुरा हाल है। जगह-जगह खंभों पर तारों का जमघट है। ट्रैफिक जाम रहता है। अवैध पार्किंग है। आज इलाके में चलना बहुत मुश्किल है, रहना मुश्किल है। ओखला विधानसभा की कुछ तस्वीरें मैं इस वीडियो में अपलोड कर रहा हूं।” विधायक ने गंदगी की पहली तस्वीर दिखाते हुए कहा कि यह वहां का हाल है जहां वह रहते हैं। उन्होंने अपने दफ्तर के रास्ते पर भी अतिक्रमण की बात स्वीकार की।
📍 हर इलाके का बताया हाल
‘AAP‘ विधायक ने कई तस्वीरों के साथ अलग-अलग इलाकों की समस्याओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा, “जाकिर नगर से बाटला हाउस तक अतिक्रमण का आप देखिए क्या हाल है, गंदगी का क्या हाल है। नफीज रोड की हालत आप देखें। ऐसे ही मुरादी रोड पूरा कमर्शियल हो गया। वहां से निकलना मुश्किल हो गया। जामिया मेट्रो स्टेशन के नीचे का हाल देखिए। जामिया थाने से शाहीन बाग तक की रोड को या तो मैकेनिकों ने कब्जा कर लिया है, कूड़ा जगह-जगह पड़ा है या पार्किंग है। जामिया-शाहीन बाग थाने से अल्लामा शिबली रोड जो मेरे ऑफिस की तरफ जाता है, उसकी दोनों तरफ पार्किंग है, कूड़ा पड़ा हुआ है। गाड़ियां खड़ी होने की वजह से कूड़ा साफ नहीं होता है। लोग अवैध पार्किंग किए हुए हैं, अपनी दुकानें बढ़ाए हुए हैं, अतिक्रमण किए हुए हैं। 40 फुटा रोड पर भी होटल वालों ने, ठेले वालों ने दोनों तरफ से कवर कर लिया है। 6 नवंबर रोड है जो कालिंदी कुंज रोड पर मिलता है, उसका सबसे बुरा हाल है। ऐसे ही पूरे इलाके का हाल है जो गंदगी है।”
⚖️ कहा- इन चीजों से अल्लाह खुश नहीं होंगे
अमानतुल्लाह खान ने ऐलान किया कि अब वह खुद सड़क पर उतरकर झाड़ू लगाएंगे और पुलिस-MCD के साथ मिलकर अतिक्रमण भी हटवाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस और MCD अतिक्रमण हटवाती है, लेकिन लोग फिर कब्जा कर लेते हैं। उन्होंने कहा, “लोग यह समझते हैं कि सारा काम नेता करेंगे, यह ठीक नहीं है, लोगों को भी जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी। पुलिस आती है अतिक्रमण हटाती है, लोग हट जाते हैं फिर वहीं आ जाते हैं। MCD वाले आते हैं सारा रोड साफ हो जाता है, उनके गए हुए 10 मिनट नहीं होते फिर वहीं आ जाते हैं। मैं तमाम दुकानदारों, होटल वालों और कार वालों से कहना चाहूंगा कि यदि आपकी वजह से लोग परेशान हैं तो अल्लाह आपसे खुश नहीं होगा। यदि आप लोगों को परेशान करके कारोबार कर रहे हैं तो पता करें कि उलेमा से कि वह जायज है या नाजायज। यदि आपके पास गाड़ी खड़ी करने की जगह नहीं है तो या तो गाड़ी बेच दें या उसके लिए जमीन खरीदें।”
🚧 खुद सड़क पर उतरने, सफाई का ऐलान
खान ने कहा, “इंशा अल्लाह मैं कल से सड़क पर उतरूंगा, अपने साथ में पूरी टीम लेकर झाड़ू हाथ में लेकर उतरूंगा। झाड़ू लगाने का काम करूंगा, मैं अतिक्रमण भी साफ करूंगा। पुलिस और MCD को भी साथ लूंगा। गड्ढों को भी भरने का काम करूंगा। कहीं सड़क टूटी है तो उसे भी बनवाऊंगा। कहीं CCTV नहीं है तो उसे भी लगवाऊंगा। ये तमाम चीजें मैं करूंगा। कूड़ा पड़ा है तो साफ करूंगा। लेकिन इसमें मुझे तमाम लोगों का साथ चाहिए, मैं इसे परमानेंट तौर पर करूंगा। मैं ओखला का विधायक हूं, मैं खुद से काम करूंगा फिर लोगों से साथ मांगूंगा। जैसे आहिस्ता-आहिस्ता बिगड़ा है, वैसे ही सुधरेगा।”







