नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरभ दास को सोमवार आधी रात दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) से उड़ान भरने से रोके जाने पर घमासान छिड़ गया है। इस बीच सूत्रों के हवाले से वह वजह भी सामने आई है जिस कारण सौरभ दास को लंदन जाने से रोक दिया गया। बताया जा रहा है कि इस विवाद की जड़ में सौरभ दास का ‘जन्मस्थान’ है। कथित तौर पर इसमें विसंगतियों की जांच चल रही है और CJP नेता को नोटिस जारी किया जा चुका है।
📄 चेन्नई RPO ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
न्यूज चैनल टाइम्स नाउ ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। अंग्रेजी चैनल ने सूत्रों से मिली सूचना के मुताबिक बताया है कि CJP नेता सौरभ दास के पासपोर्ट में बताए गए जन्मस्थान को लेकर विसंगतियां पाई गईं और इस वजह से चेन्नई के रीजनल पासपोर्ट ऑफिस (RPO) की तरफ से इसे जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक RPO ने 23 नवंबर को सौरभ दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया था और विसंगतियों पर सात दिन के भीतर जवाब मांगा था। बताया जा रहा है कि नोटिस में उन्हें इसकी सूचना दे दी गई थी कि जवाब मिलने तक वह पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
⚖️ मद्रास हाई कोर्ट में याचिका और पहचान पर सवाल
रिपोर्ट में बताया गया है कि सौरभ दास को RPO चेन्नई ने 21 अगस्त 2019 को पासपोर्ट जारी किया था। सौरभ दास के जन्मस्थान को लेकर विवाद तब शुरू हुआ जब पिछले महीने उनकी राष्ट्रीयता पर सवाल उठाते हुए मद्रास हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई और जांच की मांग उठाई गई। अदालत ने 30 अक्टूबर को केंद्र सरकार और सौरभ दास को नोटिस जारी किया था। आर गणेश कुमार की ओर से दायर याचिका में दास की पहचान, पारिवारिक पृष्ठभूमि और कथित नेपाली मूल के होने के दावों की जांच की मांग की गई थी।
याचिकाकर्ता ने अदालत से कहा है कि यदि यह पता चलता है कि वह भारतीय नागरिक नहीं हैं तो उनके दस्तावेज और पासपोर्ट को रद्द किया जाए। याचिकाकर्ता ने यह भी आरोप लगाया था कि सौरभ दास ने इन कागजातों को हासिल करने में सूचनाओं को छिपाया और गलत जानकारियां दीं। अदालत ने नोटिस जारी करते हुए केंद्र सरकार, RPO और संबंधित संस्था से जानकारी मांगी थी।
🗣️ अभिजीत दीपके ने कहा- अब क्यों दिखी गड़बड़ी
CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने पासपोर्ट विवाद को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी और सवाल उठाया कि इतनी देरी से उन्हें विसंगति क्यों नजर आई है। दीपके ने कहा, “सौरभ के पासपोर्ट में विसंगति? उसके पासपोर्ट को इसी सरकार ने 2019 में जारी किया था। उन्हें सात साल तक कोई विसंगति नहीं मिली, लेकिन अचानक उन्हें तब यह जानकारी मिली, जब CJP का गठन हुआ और सौरभ इसका प्रमुख चेहरा बना?”







