मंडला: रामनगर के पास चौगान गांव में मड़ई के आयोजन के दौरान जनसैलाब उमड़ा। इस मौके पर पारंपरिक संस्कृति और लोक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। मोरपंख, कौड़ियों, फूलों के साथ लाल-सफेद परिधानों में सजी चंडियों के साथ श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। कुलदेवी के जयकारों से माता का दरबार गुंजायमान हो गया। आयोजन में पड़ोसी जिलों के भक्त भी बड़ी संख्या में पहुंचे।
🚩 चंडियों ने किया गांव का भ्रमण
मंडला के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल रामनगर में चौगान माता मढ़िया की मड़ई में लोगों का उत्साह चरम पर रहा। आदिवासी समाज के महिला-पुरुषों ने लाल और सफेद वस्त्रों के साथ मृदंग की थाप पर पारंपरिक नृत्य किया। इसके बाद मुख्य पंडा और चंडियों की टोलियां गांव भ्रमण पर निकलीं। परंपरा के अनुसार सबसे पहले कुलदेवी चौगान माता मढ़िया में विधि-विधान से पूजन हुआ। फिर आस्था के प्रतीक ‘स्वर्ग की सीढ़ी’ का पूजन किया गया। चंडी यात्रा के दौरान मेले में सजी दुकानों पर भी रौनक दिखी।
🙏 आसपास के जिलों से भी पहुंचे श्रद्धालु
यह आयोजन सिर्फ एक मड़ई नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की आस्था, सांस्कृतिक पहचान और पीढ़ियों से चली आ रही विरासत का जीवंत प्रमाण है। चौगान की मढ़िया में पहुंची श्रद्धालु डॉ. श्रद्धा उइके ने बताया, “हर साल की तरह देवी दाई चौगान की मढ़िया में आज मड़ई का आयोजन हुआ। इसमें कई जिलों से श्रद्धालु पहुंचे। यह स्थान आदिवासी समाज के सबसे बड़े तीर्थ स्थलों में गिना जाता है, जहां लोग अपनी मन्नत की पूर्ति के लिए आते हैं।”
🪜 पूजन के पीछे पुरानी मान्यता
मंडला से 20 किलोमीटर दूर चौगान गांव की मढ़िया में लोहे की सीढ़ीनुमा आकृति बनी है, जिसे स्थानीय लोग ‘स्वर्ग की सीढ़ी’ कहते हैं। देवउठनी ग्यारस के बाद यहां हर साल मड़ई लगती है। लंबे बांस के ऊपरी हिस्से को मोरपंख, कौड़ियों, फूलों और लाल-सफेद वस्त्रों से भव्य रूप में सजाकर चंडी तैयार की जाती है। मान्यता है कि इसके पूजन से गांव बीमारियों और आपदाओं से सुरक्षित रहता है तथा खुशहाली आती है।



