सागर: पेंच नेशनल पार्क में बनाए गए साउंड एंड लाइट प्रूफ फ्लाईओवर के बाद अब मध्य प्रदेश के सबसे बड़े टाइगर रिजर्व वीरांगना रानी दुर्गावती (नौरादेही) टाइगर रिजर्व में साउंड एंड लाइट प्रूफ फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। दरअसल, नेशनल हाईवे 34 सागर-जबलपुर मार्ग पर दमोह और जबलपुर के बीच नौरादेही टाइगर रिजर्व का कोर-2 और बफर एरिया पड़ता है। यहां से करीब 16 किमी का नेशनल हाईवे 34 गुजर रहा है, जिसमें 3.8 किमी हिस्सा कोर एरिया में आता है, जहां फ्लाईओवर बनाया जा रहा है।
इसके अलावा बफर क्षेत्र में अलग-अलग तीन हिस्सों में करीब 12.8 किमी हिस्सा गुजर रहा है, जहां पर अंडरपास, मंकी लेडर्स और कई सुविधाएं नेशनल हाईवे द्वारा बनाई जाएंगी। नेशनल हाईवे के प्रस्ताव पर वन विभाग की सहमति मिल चुकी है।
🛣️ फोरलेन विस्तार में वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास की सुरक्षा
सागर-जबलपुर नेशनल हाईवे 34 को अपग्रेड कर फोरलेन बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में जबलपुर-दमोह वाले हिस्से में नौरादेही टाइगर रिजर्व का बड़ा हिस्सा गुजरता है और यहां पर कई वन्यजीव विचरण करते हैं। इस बात को ध्यान में रखते हुए वन्यजीवों की सुरक्षा के मद्देनजर यहां पर NHAI द्वारा विशेष तौर पर फ्लाईओवर और सड़क का निर्माण किया जा रहा है, ताकि वन्यजीव सुरक्षित रहें और उनके प्राकृतिक आवास पर कोई असर न पड़े।
इन बातों को ध्यान में रखते हुए NHAI ने जो प्रस्ताव वन विभाग को भेजा था, उसको अंतिम रूप दिया जा चुका है। इस प्रस्ताव के तहत कोर एरिया के 3.8 किमी हिस्से में फ्लाईओवर बनाया जा रहा है, जो पूरी तरह लाइट एंड साउंड प्रूफ होगा। इसके अलावा बफर क्षेत्र में तीन टुकड़ों में करीब 12.8 किमी हिस्से में वन्यजीवों को गुजरने के लिए करीब 25 अंडरपास, मंकी लेडर्स और कई तरह की विशेष सुविधाएं होंगी। इसके तहत ओवरपास और एलिवेटेड कॉरिडोर, गाइड फेंसिंग, ध्वनि अवरोधक, रफ्तार घटाने वाली मार्किंग और संकेत, निगरानी और रोशनी के लिए विशेष इंतजाम किए जाते हैं।
🐾 पहले थी सेंचुरी, अब बना टाइगर रिजर्व का हिस्सा
जिस इलाके में NHAI द्वारा फ्लाईओवर और विशेष अंडरपास बनाए जा रहे हैं, यह पहले दमोह जिले की वीरांगना रानी दुर्गावती सेंचुरी हुआ करती थी। इसका एरिया कुल 23 वर्ग किमी था, जिसे बाद में नौरादेही टाइगर रिजर्व में जोड़ दिया गया है। यह इलाका टाइगर रिजर्व की सिंगोरगढ़ रेंज में आता है। इसी इलाके में टाइगर रिजर्व के कोर-2 में करीब 3.8 किमी हिस्सा नेशनल हाईवे 34 का गुजर रहा है। इस हिस्से में रहने वाले वन्यजीवों की सुरक्षा के मद्देनजर NHAI द्वारा फ्लाईओवर डिजाइन किया गया है, जिसकी चौड़ाई 25 मीटर और ऊंचाई 5.5 मीटर होगी।
🌿 बफर एरिया में 3 अलग-अलग इलाकों में विशेष सुविधाएं
कोर एरिया के अलावा सिंगोरगढ़ रेंज के बफर जोन से तीन अलग-अलग जगहों पर नेशनल हाईवे गुजर रहा है। इसमें 3.3 किमी का एक हिस्सा, 2.8 किमी का हिस्सा और 6.5 किमी का हिस्सा गुजरेगा। इस तरह यह कुल एरिया करीब 12.80 किमी हो रहा है। इस हिस्से में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिहाज से विशेष सुविधाएं बनाई जा रही हैं। इस बफर जोन इलाके से गुजरने वाली सड़क में 25 अंडरपास बनाए जाएंगे। इसके साथ मंकी लेडर्स (बंदरों को निकलने के लिए सीढ़ियां), वाहनों की रफ्तार कम करने वाली मार्किंग और गाइड फेंसिंग बनाई जाएगी।
🗣️ क्या कहते हैं अधिकारी
नौरादेही टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर रजनीश कुमार सिंह ने बताया कि “जो नेशनल हाईवे में जबलपुर और दमोह के बीच में जो सड़क बन रही है, वह हमारे वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के कोर-2 से गुजर रही है। यह पहले वीरांगना रानी दुर्गावती सेंचुरी थी, जो 23 वर्ग किमी की थी। इसमें से लगभग 3.8 किमी लंबा मार्ग गुजर रहा है। मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि जो हमारा वन विभाग और NHAI है, यह सभी वन्यप्राणियों की सुरक्षा के लिए दृढ़ प्रतिज्ञा है।
यह छोटा सा हिस्सा है, हम कोई और उपाय करते तो वन क्षेत्र में वन्यप्राणियों के प्राकृतिक आवास पर असर पड़ता, तो जो हमारी चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन डॉ. शमिता राजोरा की सलाह पर NHAI ने तय किया है कि कोर-2 का जो 3.8 किमी का हिस्सा है, यहां से जो सड़क गुजरेगी, वह पूरा फ्लाईओवर होगा, जो जमीन से 5.5 मीटर ऊंचा होगा। इसके नीचे से वन्यप्राणी निर्बाध रूप से जा सकेंगे, ऊपर साउंड प्रूफ और लाइट प्रूफ दीवार होगी।
इसके अलावा बफर एरिया में तीन खंडों में यह नेशनल हाईवे गुजर रहा है। यह कुल 12.80 किमी का है, तो बफर एरिया में भी 25 अंडरपास वन्यप्राणियों के लिए बनाए जा रहे हैं। हम यह चाहते हैं कि देश का विकास भी हो और वन्यप्राणियों की दैनिक दिनचर्या पर भी असर न पड़े।”


