उमरिया: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व देश के अन्य राज्यों के वन अधिकारियों के लिए पाठशाला की तरह भी काम कर रहा है। कई राज्यों के टाइगर रिजर्व के अधिकारी यहां वन्यजीवों के संरक्षण और प्रबंधन सीखने के लिए आ रहे हैं। राजस्थान के सरिस्का टाइगर रिजर्व का 4 सदस्यीय दल भी बांधवगढ़ पहुंचा और दो दिन तक ट्रेनिंग ली। बांधवगढ़ के जंगल के भीतर चप्पा-चप्पा छानकर अफसरों ने वन्य प्राणी संरक्षण की बारीकियों को समझा।
🛡️ बांधवगढ़ में चुनौतियों से निपटने के तरीके सीखे
बांधवगढ़ के घने जंगलों में वन्यजीवों का प्रबंध और रेस्क्यू की व्यवस्थाओं को राजस्थान के अफसरों ने करीब से देखा। सरिस्का से आए दल में क्षेत्रीय वन अधिकारी कप्तान सिंह, अजबगढ़ के क्षेत्रीय वन अधिकारी चंद्र प्रकाश मीणा, अकबरपुर की सहायक वनपाल रामवीर सिंह और अलवर बफर के वनरक्षक रतनलाल गुर्जर शामिल हैं। पहले दिन ताला पहुंचने पर सहायक संचालक जितेंद्र अवासे और वन अधिकारी राहुल किरार ने दल को बांधवगढ़ के बारे में जानकारी दी। राजस्थान के अफसरों ने बांधवगढ़ की भौगोलिक संरचना, वन प्रबंधन की कार्यप्रणाली और चुनौतियों को विस्तार से समझा।
📊 सरिस्का की टीम ने अपने अनुभव साझा किए
राजस्थान के सरिस्का के अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए अपने यहां की कार्यप्रणाली को बांधवगढ़ के अफसरों के सामने रखा। प्रशिक्षण के दौरान दोनों टाइगर रिजर्व के अफसरों ने एक-दूसरे के अनुभवों से सीखकर आगे और कैसे सुधार हो सकता है, इस पर मंथन किया। ट्रेनिंग के दूसरे दिन दोनों टाइगर स्टेट के अधिकारी मैदान में उतरे। इस दौरान जंगल में वन्यजीवों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और जंगल संरक्षण पर चर्चा हुई। इस दौरान राजस्थान के अफसरों ने जंगल में फैलने वाली लैंटाना सहित अन्य खरपतवारों को हटाने की तकनीक को भी समझा।
🦌 वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को करीब से देखा
इस दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ ही उनके प्राकृतिक रहवास को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। जंगल के भ्रमण के दौरान बहेरहा एंक्लोजर की व्यवस्थाओं को राजस्थान के अफसरों ने देखा। इसके बाद मगधी परिक्षेत्र स्थित बारहसिंगा बाड़े का भ्रमण किया गया। यहां ले गए बारहसिंगों के संरक्षण, देखरेख और उनके लिए तैयार की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। किसी वन्यजीव प्रजाति के संरक्षण के लिए केवल सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि उसकी जरूरत के अनुरूप प्रबंधन और लगातार निगरानी की भी आवश्यकता है।
🚙 पर्यटन के बीच वन्यजीवों की सुरक्षा भी अहम
खतौली जोन में दल ने पर्यटन व्यवस्था को भी समझा। साथ ही जिप्सी संचालन, पर्यटकों की आवाजाही और जल संरक्षण के कार्यों को समझा। बाघों के प्राकृतिक रहवास में पर्यटन गतिविधियों का संचालन करते हुए वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यटकों के अनुभव के बीच संतुलन बनाए रखना भी अध्ययन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया, “इस तरह के अध्ययन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों से अलग-अलग टाइगर रिजर्व के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है।”


