खंडवा । तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा जयंति के उल्लास के बीच दुखद हादसा हो गया। ज्योतिर्लिंग मंदिर में भगवान के दर्शन करने पहुंचे कतार में लगे एक श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। ओडिशा के वरमपुर से 40 वर्षीय बुबुन अपने दोस्तों के साथ भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन करने आया था।
भीड़ अधिक होने से लंबे समय तक कतार में खड़े रहने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी। उसे अस्पताल लेकर जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। दोस्तों ने ब्लड प्रेशर बढ़ने का अंदेशा जताया है। वे पीएम करवाए बगैर बुबुन के शव को लेकर रवाना हो गए। बुबुन अपने दोस्तों के साथ उज्जैन महाकाल दर्शन करने के बाद शनिवार को ओंकारेश्वर आया था। जेपी चौक से मंदिर की ओर जाने वाली कतार में खड़ा था।
नर्मदा प्रकटोत्सव होने के चलते तीर्थनगरी में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ है। मंदिर परिसर के बाहर नर्मदा किनारे भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगी जाली में कतार में खड़े बुबुन की अचानक तबीयत बिगड़ी। दोस्तों ने उसे मंदिर परिसर स्थित क्लीनिक पर दिखाया, यहां से उसे सिविल अस्पताल रैफर कर दिया गया।
ब्लड प्रेशन बढ़ने से हुई मौत
बीएमओ डा. वर्मा ने बताया कि बुबुन को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया। शव के पीएम की तैयारी कर रहे थे तो दोस्तों ने पीएम करवाने से मना कर दिया। उन्होंने लिखित में सहमति देते हुए बताया कि मौत ब्लड प्रेशर बढ़ने और घबराहट से हुई है। रविवार को दोस्त शव को इंदौर फ्लाइट के जरिए ओडिशा ले गए।







