इंदौर: मध्य प्रदेश में पहली बार पैशन फ्रूट की खेती के साथ इस फल का खास फूल भी इन दिनों चर्चा में है। जिसे अपनी खास बनावट और रंगत के कारण कृष्ण कमल अथवा कौरव-पांडव फूल कहा जाता है, जो इन दिनों महू के अवलाय गांव में पहली बार फूल रहा है। दरअसल, जिस तरह स्वास्थ्य की दृष्टि से पैशन फ्रूट का महत्व है, उसी तरह इसका फूल भी अपनी खास बनावट और रंगों के कारण आकर्षण का केंद्र होता है। इसलिए इस बेहद अनोखे फूल को कृष्ण कमल या कौरव-पांडव फूल कहा जाता है।
इस फूल के नाम के कारण ही इसकी बनावट को सीधे महाभारत के पात्रों और भगवान कृष्ण से जोड़कर देखा जाता है। दरअसल, इस फूल के हर हिस्से का एक धार्मिक महत्व और प्रतीक है। फूल के बीच का हिस्सा श्रीकृष्ण के ब्रह्मांड का प्रतीक माना गया है। आपको बता दें कि कौरव-पांडव फूल को लगाने के लिए अगस्त से अक्टूबर का महीना सबसे अच्छा माना गया है।
🌺 पांच पांडव और कौरव रूप में 100 पंखुड़ियां
इस फूल के बाहरी घेरे में मौजूद लगभग 100 बारीक नीली, बैंगनी और सफेद पंखुड़ियां मौजूद होती हैं। इन पंखुड़ियों को कौरव माना जाता है। इनके ऊपर अंदर की ओर उभरे हुए पांच हरे-पीले पुंकेसर या stamens पांच पांडव को दर्शाते हैं। जबकि बीच में फूलों के सबसे ऊपर तीन गहरे बैंगनी हिस्से, जिन्हें वर्तिकाग्र कहा जाता है, वे ब्रह्मा, विष्णु और महेश के प्रतीक माने जाते हैं।
वहीं, फूलों के बिल्कुल केंद्र में कलीनुमा हिस्से को भगवान कृष्ण का प्रतीक माना जाता है। इसके अलावा फूल का गोल चक्र जैसा आकार और नीला-बैंगनी रंग भगवान कृष्ण के सुदर्शन चक्र और उनके श्याम वर्ण का प्रतीक माना गया है। इस फूल को कृष्ण कमल के नाम से जाना जाता है, इसलिए भी इस फूल से प्राप्त होने वाले फल का नाम कृष्णा फल पड़ गया। जबकि विदेश में इसे पैशन फ्रूट के नाम से जाना जाता है।
🌿 पासीफ्लोरा प्रजाति के फल-फूल
दरअसल, कृष्ण कमल का वानस्पतिक नाम Passiflora है, जिसे सामान्य तौर पर पैशन फ्लावर भी कहा जाता है। दुनिया भर में इस जीनस के पौधों की 500 से ज्यादा प्रजातियां हैं। भारत के कुछ इलाकों में इसे राखी बेल या झुमका लता भी कहा जाता है। हालांकि राखी बेल में फल नहीं लगते हैं। यह तेजी से बढ़ने वाले बारहमासी बेल के फूल होते हैं, जिन्हें बढ़ने के लिए सहारे या फेंसिंग की जरूरत होती है। इसे लगाने का सबसे अच्छा समय बरसात का मौसम जुलाई से सितंबर होता है, जो सजावटी बेल के अलावा पिलर पर चढ़ने पर भी फूलने लगता है। इसका पौधा कृष्ण भक्ति से जुड़े लोगों के लिए हमेशा ही खास रहा है। जबकि कुछ इलाकों में इसका उपयोग औषधीय गुणों के कारण विभिन्न औषधियों में भी होता है।
🌱 मध्य प्रदेश के महू में पहली बार खेती
मध्य प्रदेश में यह फूल आमतौर पर दुर्लभ रहता है। लेकिन बेंगलुरु में विकसित की गई इस फूल की कावेरी किस्म के पौधों से पहली बार इंदौर की उन्नत कृषक स्वाति नामदेव पैशन फ्रूट का उत्पादन कर रही हैं। जिसके फलस्वरूप पहली बार यह फूल मध्य प्रदेश में भी खिले हैं। हालांकि इन फूलों का तो कोई उपयोग अभी नहीं लिया जा रहा है, लेकिन इस बेल से प्राप्त फलों से जरूर फूड प्रोसेसिंग के जरिए तरह-तरह के उत्पाद बनाए जा रहे हैं।
🩺 आयुर्वेद में भी खास महत्व
इंदौर के आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉक्टर धर्मेंद्र शर्मा के मुताबिक, “कृष्ण कमल के विभिन्न भागों का उपयोग वात-पित्त रोग के उपचार में किया जाता है। अनिद्रा के उपचार में भी फूलों का रस काफी प्रभावी माना गया है, जिसे डॉक्टरों की देखरेख में उन्हीं के परामर्श के बाद दिया जाता है।” उन्होंने बताया, “आयुर्वेद में भी इसका उल्लेख मिलता है।”






