उज्जैन पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़ और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना पंवासा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तलवार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पिछले 1 वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को जिला देवास से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने पकड़ाए आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की तलवार भी सफलतापूर्वक जप्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल मालवीय, निवासी गलपुरा, निमनवासा (उज्जैन) के रूप में हुई है।
🚔 शराब के लिए मांगे थे पैसे, इंकार करने पर दी थी धमकी: मुखबिर की सूचना पर देवास के ढाबे से दबोचा
उल्लेखनीय है कि 1 मार्च 2025 को फरियादी विजय कुमार सोलंकी ने थाना पंवासा में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी राहुल मालवीय ने उसके घर के सामने शराब पीने के लिए पैसों की मांग की और मना करने पर गाली-गलौज करते हुए तलवार से जान से मारने की धमकी दी। रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। लगातार तलाश के बाद पंवासा पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर देवास के शंकरगढ़-बरोठा रोड स्थित एक ढाबे से आरोपी को दबोच लिया। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि गमर सिंह मण्डलोई, प्र.आर. अनिल पाल और आर. पंकज पाटीदार की सराहनीय भूमिका रही।


