जबलपुर। जबलपुर शहर में लगातार बढ़ रहीं चोरी की वारदातों में अब ऐसी कॉलोनियां भी निशाने पर आ गई हैं, जो सुरक्षित मानी जाती हैं। बीती रात ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के सुख सागर वैली में ट्रांसपोर्टर के सूने घर में चोर ने सेंध लगा दी।
चोर दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर घुसे और आलमारी में रखे लगभग 70 तोला भार के सोने के आभूषण, एक किलोग्राम भार के चांदी के आभूषण और नकद छह लाख रुपये पार कर दिए। मामले में शनिवार की रात को एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।
अस्पताल में थे सभी, तब लगाई सेंध
पोलीपाथर के सुखसागर वैली निवासी सागर वर्मा ट्रांसपोर्ट का कार्य करते हैं। उनकी मां अस्वस्थ्य होने के कारण एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। मां की देखभाल के लिए सागर एवं उनकी पत्नी 22 जनवरी की शाम से अस्पताल में थे।
घर में कोई नहीं था, इसलिए दंपती ने मुख्य दरवाजे पर ताला लगा दिया था। शुक्रवार को दोपहर में लगभग ढाई बजे पड़ोसी अरुण जायसवाल ने फोन किया कि आपके घर का दरवाजा खुला है। इस पर सागर पत्नी के साथ तुरंत घर पहुंचे। वापस आकर देखा तो दरवाजे का ताला टूटा था। अंदर कमरों में सामान फैला हुआ था।
आलमारी के ताले टूटे और दरवाजे खुले हुए थे। लॉकर में रखे सोने के नौ नग सेट (प्रत्येक में एक हार एवं दो कान के हैं), एक हार, दो ब्रेसलेट, पांच चेन, आठ कंगन, आठ अंगूठी, दो बेंदी, 14 नग कान के जेवर, एक नथ, चांदी के चार कंगन, 12 जोड़ी बिछिया, पांच जोड़ी पायल, एक हाथ का मंगलसूत्र, एक सिंदूरदानी, 12-12 सिक्के, एक चांदी का लोटा, तीन चेन, दो जोड़ी कड़े, वजनी लगभग 70 तोला सोना एवं एक किलोग्राम चांदी तथा नगद छह लाख रुपये गायब थे।
सीसीटीवी में दिखे चार नकाबपोश
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी की फुटेज देखा तो चार नकाबपोश युवक ट्रांसपोर्टर के घर के आसपास घूमते दिखे। सीसीटीवी की फुटेज जांचने पर चारों नकाबपोश सुबह पौने चार बजे घर में घुसते दिख रहे हैं और सुबह 4.13 मिनट पर बाहर निकलते दिख रहे है। पुलिस आरोपितों के हुलिए के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।







