देवास। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और चोरियों के त्वरित खुलासे के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम्’ के तहत देवास पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बरोठा पुलिस ने मात्र 4 घंटे के भीतर सोयाबीन और मोटरसाइकिल चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम दिया है।
🔍 रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी, उज्जैन के भैरवगढ़ थाने में दर्ज हैं पहले से आपराधिक मामले
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी जीवन सूर्यवंशी निवासी ग्राम बरखेड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश घर से सोयाबीन की कट्टी और बाइक चोरी कर ले गया था। इसी दौरान पुनः चोरी के इरादे से आए संदिग्ध को ग्रामीणों और फरियादी ने रंगे हाथों पकड़कर डायल-112 के जरिए पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान नारायण पिता बदर उर्फ बहादुर सिंह सोंधिया (निवासी ग्राम खरेट, थाना भैरवगढ़, उज्जैन) के रूप में हुई। आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल और सोयाबीन की कट्टी समेत कुल 60,000 रुपये की संपत्ति जब्त कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी उज्जैन के भैरवगढ़ थाने में आपराधिक मामले दर्ज हैं।






