देवास। देवास शहर में हुई एक मामूली मोबाइल चोरी की जांच के दौरान देवास पुलिस ने देश भर में फैले एक विशाल अंतरराज्यीय संगठित मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ीं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ₹1.50 करोड़ मूल्य के 400 महंगे स्मार्टफोन और ₹6 लाख नकद सहित कुल ₹1.56 करोड़ का मशरुका जब्त किया है।

🕵️♂️ विदेशों में तस्करी की आशंका: मुख्य रिसीवर समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, 22 जिलों से चुराते थे फोन
थाना कोतवाली पुलिस की जांच में सामने आया कि यह गिरोह मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और दमन-दीव जैसे राज्यों के भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोबाइल चुराता था। चुराए गए मोबाइलों को इंदौर निवासी मुख्य रिसीवर शुभम राठौर तक पहुंचाया जाता था, जहां से इन्हें अवैध रूप से विदेशों में तस्करों को सप्लाई किए जाने की आशंका है। पुलिस ने गिरोह के सदस्य मनीष पारदी, सूरज सिंह पारदी और मुख्य रिसीवर शुभम राठौर को गिरफ्तार कर बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।








