नगरी (राहुल पंवार)। नगर के श्री चारभुजा नाथ मंदिर में सकल जूना गुजराती दर्जी समाज द्वारा दो दिवसीय पावन शरद पूर्णिमा महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। महोत्सव के अंतर्गत शनिवार रात्रि को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें देर रात तक श्रद्धालु भक्तिमय भजनों पर झूमते रहे। इसके बाद रविवार सुबह 9 बजे बैंड-बाजे, डीजे और ढोल-धमाकों के साथ श्री गुरु टेकचंद जी महाराज का विशाल चल समारोह निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर जल कलश धारण कर भजनों की ताल पर नृत्य किया।
🌸 पुष्प वर्षा से हुआ शोभायात्रा का भव्य स्वागत: विधायक विपिन जैन ने चारभुजा नाथ मंदिर में टीन शेड निर्माण की घोषणा की
यह भव्य चल समारोह सदर बाजार स्थित श्री बड़ा चारभुजा नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, तेजाजी प्रांगण और गांधी चौराहा होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचा। नगर में जगह-जगह सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा चल समारोह पर पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। दोपहर 12 बजे मंदिर पहुंचने पर महाआरती की गई और तत्पश्चात महाप्रसादी का वितरण हुआ। कार्यक्रम में विधायक विपिन जैन, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक विपिन जैन ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु टीन शेड निर्माण कराने की घोषणा की।









