पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में डायल-112 एवं जिला पुलिस द्वारा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 20.09.2026 को शाम करीब 04:40 बजे डायल-112 कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना बागली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छतरपुरा में एक महिला टावर पर चढ़ी हुई है तथा उसे तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है।सूचना प्राप्त होते ही देवास डायल-112 कंट्रोल रूम में तैनात ड्यूटी ऑपरेटर प्रधान आरक्षक 125 संदीप पांड्या द्वारा नजदीकी एफआरवी क्रमांक-16 को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। एफआरवी में तैनात सैनिक 208 गुलाब सिंह पटेल एवं पायलट प्रवीण पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे। थाना बागली पुलिस भी मौके पर उपस्थित होकर स्थिति को नियंत्रित करने में

जुटी। पुलिस टीम द्वारा स्थिति का जायजा लेने पर महिला टावर पर बैठी हुई मिली, जो कागज पर संदेश लिखकर नीचे मौजूद लोगों तक अपनी बात पहुंचा रही थी। पुलिस टीम ने अत्यंत संयम एवं संवेदनशीलता के साथ महिला से संवाद स्थापित कर उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाइश दी।महिला द्वारा अपने पति को मौके पर बुलाने की बात कही गई। उसकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए थाना बागली पुलिस द्वारा तत्काल पति से संपर्क कर उसे मौके पर बुलाया गया। पति के पहुंचने के पश्चात पुलिस टीम द्वारा महिला को पुनः समझाइश दी गई, जिसके बाद वह सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतर आई।महिला को एम्बुलेंस के माध्यम से प्राथमिक चिकित्सा हेतु अस्पताल भेजा गया। तत्पश्चात पुलिस द्वारा दोनों पक्षों से संवाद कर आवश्यक समझाइश दी गई, जिसके बाद महिला को उसके पति के साथ सकुशल रवाना किया गया।उक्त सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना बागली पुलिस स्टाफ तथा डायल-112 एफआरवी क्रमांक-16 के सैनिक 208 गुलाब सिंह पटेल एवं पायलट प्रवीण पटेल द्वारा तत्परता, संयम एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महिला की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। पुलिस की त्वरित कार्यवाही पर महिला के परिजनों एवं उपस्थित ग्रामीणों द्वारा देवास पुलिस तथा डायल-112 टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
देवास पुलिस की आमजन से अपील:
किसी भी आपातकालीन अथवा संकट की स्थिति में तत्काल डायल-112 पर संपर्क करें। देवास पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है।


