देवास। माधव आश्रम भोपाल तथा मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के सहयोग से श्री दीप ज्योति किसान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड एवं नवांकुर चयनित संस्था श्री दीप ज्योति सामाजिक लोक कल्याण समिति द्वारा बेकलिया हनुमान मंदिर परिसर में एक दिवसीय अग्निहोत्र एवं जैविक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में क्षेत्र के लगभग 300 किसानों ने सहभागिता की। कार्यशाला में माधव आश्रम भोपाल से डॉ. विवेक, उज्जैन से सक्सेना जी, जैविक किसान मीणा जी, मुगलिया हट से धनगर जी ने अग्निहोत्र के महत्व, इसके पर्यावरणीय एवं कृषि लाभों पर विस्तार से जानकारी दी। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद से बी.सी. सर (कन्नौद), नीरज द्विवेदी, नवांकुर संस्था से पवन पुरोहित एवं हरिओम जरेड़ा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जैविक खेती करने वाले किसानों—राजकुमार पटेल (राहतगांव), हरनारायण परमार (कुसमानिया), रामेश्वर शर्मा (काटाफोड़) सहित अन्य किसानों का सम्मान किया गया। साथ ही ज्योति राव द्वारा महिला किसानों का भी सम्मान किया गया। कार्यशाला के दौरान जैविक भोजन भंडारे के रूप में परोसा गया, जिसमें तिल्ली का तेल एवं बालाघाट का चिन्नौर चावल प्रमुख रूप से शामिल रहा। अर्जुन मीणा ने फलदार पौधों के महत्व पर प्रकाश डाला और चार एकड़ जैविक खेती के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का संचालन नगर विकास प्रस्तुत समिति के सचिव संजय शर्मा द्वारा किया गया। अंत में उपस्थित किसानों ने अग्निहोत्र अपनाने का संकल्प लिया और “घर-घर अग्निहोत्र, हर-घर अग्निहोत्र” का संदेश दिया।







