इंदौर | योग मित्र अभियान
माननीय महापौर पुष्यमित्र भार्गव जी के मार्गदर्शन में इंदौर नगर निगम द्वारा संचालित योग मित्र अभियान के अंतर्गत, संयोजक राकेश चौधरी के निर्देशन में आयोजित नि:शुल्क त्रि-दिवसीय “गर्भ संस्कार” एवं “प्रसव-पूर्व योग शिक्षक प्रशिक्षण” कार्यशाला का समापन भव्य एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यशाला के अंतिम दिवस पर मुख्य अतिथि प्रांत कार्यवाहक अध्यक्ष वैद्य श्री लोकेश जी भाई साहब की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर शहर के जाने-माने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनिल गर्ग एवं वक्ता-विशेषज्ञ अखिल गौरे ने अपने गहन, सारगर्भित एवं व्यवहारिक ज्ञान से उपस्थित सभी प्रशिक्षकों को लाभान्वित किया।
इस कार्यशाला में योग मित्र अभियान, चोइथराम कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, हरिओम योग केंद्र एवं देवी अहिल्या विश्वविद्यालय सहित विभिन्न संस्थाओं के लगभग 150 से 160 योग प्रशिक्षकों ने सहभागिता कर गर्भावस्था एवं प्रसव-पूर्व योग से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त किया।
“सबका साथ, सबका विकास” के उद्देश्य को साकार करते हुए, शहर की प्रमुख संस्थाओं के सहयोग से आयोजित यह कार्यशाला पूर्णतः सफल रही। समापन अवसर पर सभी सहभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम सानंद एवं स्वादिष्ट स्वल्पाहार के साथ संपन्न हुआ।
आयोजकों ने जानकारी दी कि भविष्य में भी इसी प्रकार की नि:शुल्क एवं जनहितकारी योग कार्यशालाएं सभी के सहयोग से निरंतर आयोजित की जाएंगी।
कार्यशाला में पधारे सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं सहभागियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
स्वच्छ इंदौर, स्वस्थ इंदौर।
— के.सी. जैन
सह-संयोजक एवं मीडिया प्रभारी
योग मित्र अभियान 🙏







