देवास। देवास पुलिस के ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम्’ अभियान के तहत हाटपिपलिया नगर पंचायत क्षेत्र में 138 CCTV कैमरों के नेटवर्क का लोकार्पण किया गया। करीब 15 लाख रुपए की लागत से जनभागीदारी और नागरिकों के सहयोग से तैयार किए गए इस नेटवर्क से शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
CCTV नेटवर्क के लोकार्पण कार्यक्रम में एडीजी उज्जैन जोन राकेश गुप्ता, उज्जैन कमिश्नर आशीष सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन, देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह और पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। थाना प्रभारी दीपक यादव समेत पुलिस विभाग का अमला और शहर के नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
नागरिकों ने मिलकर जुटाए करीब 15 लाख रुपए
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने बताया कि ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम्’ के तहत पिछले दो वर्षों से आम लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत हाटपिपलिया के नागरिकों ने स्व-प्रेरणा और जनभागीदारी से करीब 15 लाख रुपए की लागत से 138 CCTV कैमरे लगाए हैं। कार्यक्रम के दौरान कैमरे लगाने के लिए निजी कोष से आर्थिक सहयोग और अन्य तरह से योगदान देने वाले नागरिकों को अधिकारियों ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
देवास जिले में 10 हजार से ज्यादा CCTV कैमरे
पुलिस के अनुसार, देवास जिले में जनसहयोग से अब तक 10 हजार से अधिक CCTV कैमरे लगाए जा चुके हैं। जिले की 50 से अधिक ग्राम पंचायतों और करीब 9 नगर पंचायतों में CCTV कैमरों का नेटवर्क तैयार किया जा चुका है।
अपराधों की रोकथाम और जांच में मिलेगी मदद
पुलिस प्रशासन के मुताबिक, हाटपिपलिया में तैयार किया गया CCTV नेटवर्क कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराधों की रोकथाम और घटनाओं की जांच में भी मददगार होगा। अधिकारियों ने नागरिकों से भविष्य में भी इस नेटवर्क को और मजबूत करने के लिए सहयोग जारी रखने की अपील की।




