बाबा रामदेव जी के जयकारों से गूंजा ग्राम, ढोल-नगाड़ों और अखाड़े के साथ निकली पालकी यात्रा
हाटपीपल्या। तेजा दशमी के पावन अवसर पर हाटपीपल्या के समीप ग्राम अरलावदा में बाबा रामदेव जी की भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बाबा रामदेव जी मंदिर में बीज के दिन से ही अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई थी। इसके साथ ही लगातार 9 दिनों तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इन नौ दिनों के दौरान मंदिर परिसर में प्रतिदिन बच्चों का तुला दान किया गया। वहीं रात्रि में भजन संध्या, महारती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा रामदेव जी के दर्शन किए और धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ लिया।
तेजा दशमी के अवसर पर ग्राम अरलावदा में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बाबा रामदेव जी की ध्वजा एवं पालकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की गूंज, बाबा के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा ग्राम भक्तिमय नजर आया।
शोभायात्रा में अखाड़े के कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया, वहीं राजस्थानी डांसरों की शानदार प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा ग्राम के प्रमुख मार्गों से होते हुए बाबा रामदेव जी मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधि-विधान से महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती के साथ ही भव्य शोभायात्रा का समापन हुआ।
पूरे आयोजन के दौरान ग्राम अरलावदा में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। तेजा दशमी के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में ग्रामीणों सहित आसपास के क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।




