इंदौर। इंदौर में यातायात प्रबंधन पुलिस शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी कड़ी में पलासिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस ने रेड लाइट जंप करने पर एक दोपहिया वाहन सवार को रोका। जब उसकी बारीकी से जांच की गई, तो आरोपी शेख जावेद के पास एक छड़ी के अंदर बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखी गई खतरनाक ‘गुप्ती’ (हथियार) बरामद हुई, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
🚨 ट्रैफिक पुलिस ने आरोपी को पलासिया थाने के किया सुपुर्द: 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध
मामले की गंभीरता को देखते हुए यातायात निरीक्षक सुश्री राधा यादव ने तुरंत ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी। इसके बाद यातायात प्रधान आरक्षक मुकेश लश्करी और आरक्षक कृष्णकांत ने संबंधित व्यक्ति, उसके दोपहिया वाहन और बरामद गुप्ती को तुरंत थाना पलासिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया। थाने पर जब पूछताछ की गई तो आरोपी शख्स हथियार रखने का कोई भी वैध कारण या दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद थाना पलासिया पुलिस ने त्वरित वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी शेख जावेद के खिलाफ 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।







