उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के पंवासा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ताजपुर के मुल्तानीपुरा में पानी के चेंबर को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोपियों ने फरियादी पक्ष के साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड और बांस के डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत चरक भवन सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा है।
🔍 निशानदेही पर लोहे की रॉड और डंडा जब्त: उज्जैन पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील
थाना पंवासा पुलिस ने विवेचना के दौरान धारा 109(1) बीएनएस का इजाफा करते हुए मुख्य आरोपी रईस खां और उसके बेटों—रेहान उर्फ बिट्टू तथा फरहान उर्फ चिकू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लोहे की रॉड और एक बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है। उज्जैन पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आपसी विवादों को कानून हाथ में लेकर सुलझाने के बजाय शांतिपूर्ण कानूनी तरीकों से हल करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।







