देवास। पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। माताजी के मुख्य चल समारोह के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 2 नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 6 एंड्रॉइड स्मार्टफोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1.60 लाख रुपये है।
👁️ CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से हुआ खुलासा: देवास और उज्जैन के रहने वाले हैं शातिर चोर
माताजी के चल समारोह के दौरान बड़ी संख्या में मोबाइल चोरी होने की शिकायतें मिलने पर थाना कोतवाली पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम्’ के तहत स्थापित सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर घेराबंदी की और इस अंतरजिला गिरोह को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी देवास और उज्जैन जिलों के रहने वाले हैं। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 6 प्रकरण दर्ज कर सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है, और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।







