देवास। पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिलेभर में अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के तहत दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को थाना विजयागंज मंडी पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि जीएलटी स्कूल के पास देवास रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध रूप से धारदार चाकू लेकर खड़ा है। सूचना की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजयागंज मंडी उप निरीक्षक जितेंद्र यादव के नेतृत्व में टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा।
🔍 आरोपी के कब्जे से अवैध चाकू बरामद: आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपी की पहचान विक्रम उर्फ मामू (पिता मांगीलाल बोडाना, निवासी तिल्लौर खुर्द, थाना खुड़ैल, जिला इंदौर, हाल मुकाम ग्राम भेसूनी, विजयागंज मंडी) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी विजयागंज मंडी उप निरीक्षक जितेंद्र यादव, एएसआई स्वतंत्र सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक संतोष नवरंग और आरक्षक विक्की जूनवाल की मुख्य भूमिका रही।






