पन्ना। पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पन्ना-कटनी मुख्य मार्ग पर एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाला हादसा सामने आया है। सड़क किनारे झाड़ियों में 24 अक्टूबर को 21 वर्षीय युवक का शव और उसकी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कुपना घाट (नगवाखेड़ा) निवासी सरफराज पारधी के रूप में हुई है। इस घटना का सबसे चौंकाने वाला और कुदरत का करिश्मा कहिए कि मृतक पिता के शरीर से उसका डेढ़ साल का मासूम बच्चा बंधा हुआ था। इस भीषण हादसे में मासूम को एक खरोंच तक नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित पाया गया, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया।
🔍 22 अक्टूबर से लापता था युवक: शाहनगर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद सौंपा शव, दुर्घटना के कारणों की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही शाहनगर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। डॉक्टर आशीष तिवारी के मुताबिक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। परिजनों ने बताया कि सरफराज 22 अक्टूबर से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। हादसे के वक्त उसकी पत्नी अपनी बच्ची के इलाज के सिलसिले में कटनी गई हुई थी। मौके पर बाइक के अनियंत्रित होकर झाड़ियों में घुसने के निशान मिले हैं। शाहनगर पुलिस दुर्घटना सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
