देवास। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में देवास जिले की सिविल लाइन थाना पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को इंडियन कॉफी हाउस के सामने से मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जिस पर थाना सिविल लाइन में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था। ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम्’ के तहत सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस लगातार चोर की तलाश कर रही थी।
🔍 चाणक्यपुरी रेलवे क्रॉसिंग पर चेकिंग के दौरान पकड़ाया आरोपी: शक्तिसिंह के कब्जे से 80 हजार की मोटरसाइकिल और हथियार जब्त
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चाणक्यपुरी रेलवे क्रॉसिंग के पास सघन वाहन चेकिंग शुरू की। इस दौरान संदिग्ध हालत में आ रहे शक्तिसिंह उर्फ विजय (32 वर्ष), निवासी जय बजरंग नगर, देवास को रोका गया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद हुआ तथा पूछताछ में उसने इंडियन कॉफी हाउस के पास से बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक MP41MW7755) और धारदार चाकू सहित कुल 80,200 रुपये की मश्रुक जप्त कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।







