देवास। पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और चोरियों का शीघ्र खुलासा करने के दिए गए निर्देशों के तहत थाना बागली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मोटरसाइकिल चोरी की घटना की जांच करते हुए एक आरोपी को धर दबोचा, जिससे चोरी और नकबजनी की दो अलग-अलग वारदातों का पर्दाफाश हुआ है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 1.19 लाख रुपये की मोटरसाइकिल और 25 हजार रुपये कीमत के तांबे के बर्तन व घरेलू सामान सहित कुल 1.44 लाख रुपये का मश्रुका बरामद किया है।
🔍 ऐसे हुआ वारदातों का खुलासा: पेट्रोल पंप के पास से चुराई थी बाइक, घर में नकबजनी कर तांबे के बर्तन भी उड़ाए
25 अक्टूबर 2026 को फरियादी लोकेश खंगोड़े ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि चापड़ा-बागली रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास से उसकी मोटरसाइकिल अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गया है। इस मामले में एएसपी (ग्रामीण) सौम्या जैन और एसडीओपी संजय सिंह बैस के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह जादौन के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध इसरार उर्फ गोपी निवासी बागली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने मोटरसाइकिल चोरी के साथ-साथ इस्माइल खान के मकान में घुसकर तांबे के बर्तन और अन्य सामान चुराने की बात भी कबूल कर ली। पुलिस टीम में एएसआई शिवराम डोडियार, रामप्रताप सिंह चौहान, विशाल चन्द्रवंशी और सुनील जर्मन की सराहनीय भूमिका रही।






