भोपाल। मध्य प्रदेश की पंचायतों में अब साफ-सफाई व्यवस्था को अत्यधिक बेहतर बनाने के लिए वाश आन व्हील (वाव) सेवा शुरू की गई है। यह नवाचार मध्य प्रदेश पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा किया जा रहा है। भोपाल और छिंदवाड़ा जिले की ग्राम पंचायतों में शुरुआत कर दी गई है, जल्द ही अन्य जिलों में यह सेवा शुरू होगी। सभी 55 जिलों के कलेक्टरों को आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित व्यक्तिगत, संस्थागत एवं सामुदायिक शौचालयों की उपयोगिता को निरंतर रखे जाने और उनकी नियमित साफ-सफाई के लिए इस सेवा को सरकार ने शुरू किया है। मोबाइल एप पर कोई भी व्यक्ति शौचालय की सफाई की मांग कर सकता है। घरेलू शौचालयों के लिए 50 रुपये और संस्थागत शौचालय के लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित की गई है। जिले में 19 क्लस्टर बनाकर सभी गांवों को मैप किया गया है, जिसके तहत 16 स्वच्छता साथियों को चिह्नित किया गया है।







