इंदौर शहर में अवैध लेन-देन और हवाला कारोबार पर लगाम कसते हुए कनाड़िया पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई की। बिचौली रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार युवक के पास से 17 लाख 95 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद राशि 10 लाख रुपये से अधिक होने के चलते पुलिस ने नियमानुसार इसकी सूचना आयकर विभाग को दे दी है।
कनाड़िया पुलिस के अनुसार, रात के समय पुलिस टीम गश्त और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक संदिग्ध अवस्था में निकलता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रोककर तलाशी ली तो उसके बैग से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। गिनती करने पर कुल राशि 17,95,000 रुपये पाई गई।
प्रारंभिक पूछताछ में युवक की पहचान विद्यानंद कुशवाह के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पालदा स्थित एक लिफाफा बनाने वाली फैक्ट्री में काम करता है और यह रकम फैक्ट्री मालिक मोहित पाहुजा की है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम रात के समय कहां और किस उद्देश्य से ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने पूरी नकद राशि जब्त कर ली है। साथ ही फैक्ट्री मालिक मोहित पाहुजा को भी थाने बुलाया गया है ताकि वे रकम के वैध स्रोत और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत कर सकें। यदि संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं किए गए तो संबंधित धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
MP Ki Awaaz News
सटीक, तेज़ और विश्वसनीय खबरें







