उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और सड़क चौड़ीकरण के चलते चर्चा में आए खड़े हनुमान मंदिर में शनिवार शाम बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान साध्वी हर्षानंद गिरि (पूर्व नाम हर्षा रिछारिया) दूसरी बार मंदिर पहुंचीं। उन्होंने हनुमानजी के दर्शन किए और प्रशासन से प्रतिमा नहीं हटाने के साथ मंदिर निर्माण की साफ घोषणा करने की मांग की।
साध्वी हर्षानंद गिरि इससे पहले दो दिन पहले भी मंदिर आई थीं। तब उन्होंने प्रशासन को 48 घंटे का समय देते हुए विरोध प्रदर्शन और धरना देने की बात कही थी। शनिवार शाम दोबारा पहुंचने पर उन्होंने बताया कि दो दिन पहले मीडिया के जरिए उठाई गई बात सरकार तक पहुंच गई है। संत समाज भी इस मुद्दे से जुड़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रशासन ने इस मामले में कुछ और समय मांगा है।
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि रविवार शाम खड़े हनुमान मंदिर परिसर में ‘सद्बुद्धि हनुमान महायज्ञ’ होगा। उनका कहना था कि यज्ञ के जरिए हनुमानजी से प्रार्थना की जाएगी कि प्रशासन और सरकार को सद्बुद्धि मिले। साथ ही, अगले 48 घंटे में प्रतिमा नहीं हटाने का लिखित और मौखिक आश्वासन दिया जाए।







