उज्जैन के पंवासा थाना क्षेत्र में सूने मकानों में हुई चोरी की वारदातों के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी गज्जू उर्फ गजा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से चोरी गया करीब 2 लाख 20 हजार रुपए कीमत का 11 पत्तियों वाला सोने का हार बरामद किया गया है।
पंवासा पुलिस पहले ही मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की दो वारदातों का खुलासा कर चुकी थी। इसके बाद फरार चल रहे 19 वर्षीय गजा उर्फ गज्जू लोहार की तलाश की जा रही थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गरोठ ब्रिज के नीचे किसी स्थान पर जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम और चीता पार्टी के आरक्षक प्रकाश जाट ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी में शामिल कार्तिक बैडवाल ने उसे सोने का हार बेचने के लिए दिया था, जिसे उसने अपने घर में छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हार बरामद कर लिया।
पंवासा पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से आदेश के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच जारी है।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पूर्व आलोक शर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक जीवाजीगंज पुष्पा प्रजापति के मार्गदर्शन में की गई।







