सागर: शहर के बाघराज वार्ड की आवासीय कॉलोनी के पास सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया था, जब एक ऑटो चालक की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया गया। लेकिन मौके पर मौजूद भारी भीड़ ने आरोपी को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी।
पहले तो खबर फैली कि आरोपी ऑटो में सवार बच्चे को अगवा करना चाहता था, लेकिन आरोपी को हिरासत में लेने के बाद पुलिस की चुप्पी ने कई सवाल खड़े कर दिए। हालांकि दोपहर बाद पुलिस ने खुलासा किया कि आरोपी ऑटो में सवार वकील की पत्नी की हत्या करना चाहता था।
⚖️ आरोपी का वकील के साथ जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने मामले की जानकारी देते हुए बताया, “सोमवार सुबह 9 बजे सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अजय तिवारी को पकड़कर थाने ले आई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का वकील देवेंद्र सिंह ठाकुर से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
केस की फीस नहीं चुका पाने पर आरोपी ने अपनी जमीन वकील को खेती के लिए दी थी। वकील द्वारा जमीन पर बोरवेल कराकर उसे उपजाऊ बनाया गया। वकील द्वारा खेती शुरू करने के बाद आरोपी की नियत बदल गई और वह जमीन पर दोबारा कब्जा करना चाहता था। इसी बात को लेकर वह वकील से रंजिश रखने लगा।”
🕵️♂️ वकील की पत्नी की हत्या के इरादे से पहुंचा था आरोपी
थाना प्रभारी यशवंत सिंह राजपूत ने बताया, “सोमवार सुबह आरोपी वकील की पत्नी मानसी ठाकुर की हत्या करने के इरादे से पहुंचा था। ऑटो में सवार शिक्षिका को निशाना बनाने के लिए उसने चालक की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। लेकिन मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने से वह अपने इरादे में सफल नहीं हो सका। आरोपी 2006 में हत्या और 2021 में हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।”


