देवास | 11 जनवरी 2026 |
भावेश नाहर
देवास जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत पुलिस थाना बरोठा ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक सिल्वर रंग की वेगनार कार (MP 13 CA 7481) से 334 लीटर (38 पेटी) अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब ₹1.40 लाख बताई जा रही है, जबकि कार की कीमत लगभग ₹7 लाख है। इस मामले में लाइसेंसी ठेकेदार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक देवास के निर्देशानुसार अवैध शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक सविता सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम 09 जनवरी 2026 को गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रेवाड़ी से कैलोद की ओर एक वेगनार कार में भारी मात्रा में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है।
सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस टीम ने कैलोद गांव से रेवाड़ी जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की। सामने से आती कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
कार की तलाशी में मिला भारी जखीरा
वाहन की तलाशी लेने पर आगे की कंडक्टर सीट, पीछे की सवारी सीट, सीटों के नीचे और डिक्की में शराब की पेटियां रखी मिलीं। पूछताछ में चालक कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। गिनती करने पर कुल 38 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (334 लीटर) पाई गई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
ठेकेदार और सहयोगी भी गिरफ्तार
पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध क्रमांक 12/2026 दर्ज किया है। विवेचना के दौरान बालक के मेमो के आधार पर लाइसेंसी ठेकेदार मोनु उर्फ मनप्रीत जनेजा एवं उसके साथी अमन को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
विधि से संघर्षरत बालक
मोनु उर्फ मनप्रीत जनेजा, पिता तेजपाल जनेजा, निवासी देवास (लाइसेंसी ठेकेदार)
अमन, पिता कमल नागर, निवासी बरोठा, जिला देवास
सराहनीय भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारी एवं जवान
इस सफल कार्रवाई में निम्न पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही—
थाना प्रभारी – श्रीमती सविता सिंह
उप निरीक्षक – मलखान सिंह भाटी, मयंक वर्मा
सहायक उप निरीक्षक – ईश्वर मंडलोर्ड, गौरीशंकर झाँ
प्रधान आरक्षक – 145 तेज सिंह सिन्हा, 865 दयाराम ईस्के, 792 सचिन पाल
आरक्षक – 1045 विकास, 610 पियूष, 437 पवन, 1040 अक्षय, 132 अरुण, 1069 आशीष, 1065 अजय, 904 आदर्श
सैनिक – 1043 शेखर, 1026 संजीव, 170 महेश, 70 मकेश
पुलिस का संदेश
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।








