देवास जिले में अवैध गतिविधियों और संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बिहारीगंज क्षेत्र में माताजी पंडाल के पीछे चल रहे जुए के फड़ पर दबिश दी। पुलिस टीम ने मौके से ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगा रहे 5 जुआरियों को रंगे हाथों धर दबोचा और उनके कब्जे से ₹1,700 नगद व 52 ताश के पत्ते जब्त किए।
🔍 मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश: आरोपियों के खिलाफ दर्ज हैं पहले से कई आपराधिक मामले
थाना कोतवाली निरीक्षक शशिकांत चौरसिया को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिहारीगंज में माताजी पंडाल की ओट में कुछ संदिग्ध लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 5 आरोपियों—राकेश यादव, यशवंत यादव, कमल यादव, कमल बोडाना और पंकज राठौर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में से 4 के खिलाफ पहले से ही मारपीट, अड़ीबाजी और जुआ एक्ट जैसे गंभीर मामलों में कुल 08 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में जुआ एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।






