देवास। जिले की बरोठा थाना पुलिस ने संवेदनशीलता, साहस और उत्कृष्ट सूझबूझ का परिचय देते हुए एक व्यक्ति की जान बचाकर सराहनीय मिसाल पेश की है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में चल रहे अभियानों के तहत ग्राम रेवाड़ी में एक व्यक्ति द्वारा परिजनों को घर से बाहर निकालकर खुद को कमरे में बंद कर फांसी लगाने की कोशिश की जा रही थी। सूचना मिलते ही डायल-112 और थाना प्रभारी बरोठा निरीक्षक सविता सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
⚖️ रेस्क्यू के बाद उग्र होने पर की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई: शांति व्यवस्था भंग करने वाले आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस टीम जब सीढ़ी के सहारे छत पर पहुंचकर और समन्वित प्रयास से दरवाजा खुलवाकर उसे बाहर लाई, तो भी व्यक्ति का आक्रामक रवैया जारी रहा। वह अपनी मां और पत्नी के साथ मारपीट करने की धमकी देने के साथ-साथ पुलिसकर्मियों पर भी ईंटें फेंक रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ग्राम रेवाड़ी निवासी रितिक पटेल के खिलाफ कड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।







