देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में पुलिस का एक ऐसा संवेदनशील और प्रेरणादायक चेहरा सामने आया है, जिसकी हर तरफ जमकर सराहना हो रही है। देवास के एक निजी संस्कार अस्पताल में एक छोटी बालिका गंभीर स्थिति में भर्ती थी। अनजान शहर होने के कारण उसके परिजन खून की व्यवस्था के लिए इधर-उधर भटक रहे थे और काफी परेशान हो रहे थे। मासूम की नाजुक हालत और परिजनों की बेबसी देखकर वहां मौजूद लोगों में भी चिंता का माहौल था।
🩸 आरक्षक उदय प्रताप सिंह चौहान बने मसीहा: बिना समय गंवाए किया ब्लड डोनेट, परिजनों ने जताया आभार
जैसे ही इस पूरे मामले की जानकारी मध्य प्रदेश पुलिस में देवास में पदस्थ जवान उदय प्रताप सिंह चौहान को लगी, उन्होंने बिना एक पल का समय गंवाए तुरंत अस्पताल पहुंचकर अपना ब्लड डोनेट किया। आरक्षक की इस त्वरित सहायता और तत्परता की बदौलत समय पर बच्ची को खून मिल सका और उसके प्राणों की रक्षा हो सकी। पुलिस जवान की इस इंसानियत और कर्तव्यनिष्ठा देखकर बच्ची के परिजनों के आंसू झलक आए और उन्होंने जवान व मध्य प्रदेश पुलिस का तहे दिल से आभार व्यक्त किया।







