देवास। जिले में अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए देवास पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशों के पालन में 25 और 26 अक्टूबर 2026 की दरमियानी मध्यरात्रि जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी रात्रि गश्त और चेकिंग की गई। इस दौरान प्रमुख चौराहों, प्रवेश-निकास मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस टीमों द्वारा कुल 346 वाहनों को रोककर बारीकी से जांच की गई। इनमें शहरी थाना क्षेत्रों में 170 तथा ग्रामीण इलाकों में 176 वाहनों के दस्तावेजों व चालकों की जांच शामिल रही।
🔍 15 गुंडे और 2 हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों का सत्यापन: यातायात नियमों का पालन करने और Dial-112 पर सूचना देने की अपील
रात्रिकालीन गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने क्षेत्र के निगरानीशुदा बदमाशों और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों के ठिकानों पर पहुंचकर उनकी उपस्थिति व गतिविधियों की पड़ताल की। इस विशेष चेकिंग के तहत जिलेभर में कुल 15 गुंडे और 02 हिस्ट्रीशीटरों को व्यक्तिगत रूप से चेक कर उनका सत्यापन किया गया। देवास पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे रात्रि के समय वाहन चलाते समय सभी वैध दस्तावेज साथ रखें, नशे की हालत में ड्राइविंग न करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचित करें।










