धार: अवैध वसूली, धमकियों और पुलिस की कथित अनदेखी से परेशान भक्तांबर कॉलोनी निवासी जगदीश मेड़ा ने शुक्रवार को वीडियो बनाया और विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद शनिवार को जनजाति विकास मंच के कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा।
उन्होंने नौगांव थाने पहुंचकर घेराव किया और धरने पर बैठ गए। करीब तीन घंटे तक चली बातचीत और कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी राजेंद्र सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया है।
🎥 वीडियो में बयां की प्रताड़ना की कहानी
विषाक्त पदार्थ खाने से पहले बनाए गए वीडियो में जगदीश ने राजेंद्र सोलंकी और उसके बेटे पर लगातार प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। वीडियो में उसने कहा कि वह घर की गाड़ी लेकर आया था, लेकिन रुपयों के लेनदेन को लेकर दोनों ने उसके साथ लूटपाट कर रकम वसूली।
जगदीश का आरोप है कि उसने इस संबंध में नौगांव थाने पहुंचकर शिकायत की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। लगातार मिल रही धमकियों और कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
🏛️ दो दिन तक थाने के चक्कर लगाने का आरोप
जानकारी के अनुसार जगदीश ने 19 नवंबर को नौगांव थाने में भक्तांबर कॉलोनी निवासी राजेंद्र सोलंकी के खिलाफ लिखित आवेदन दिया था। इसमें अवैध रूप से अधिक राशि वसूलने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के आरोप लगाए गए थे।
जनजाति विकास मंच के जिला युवा प्रमुख प्रकाश सोलंकी व लक्ष्मण पटेल के अनुसार आवेदन देने के बाद आरोपी ने जगदीश को धमकाया, जिससे वह डर के कारण घर भी नहीं जा सका। आरोप है कि 20 नवंबर को वह दोबारा थाने पहुंचा, लेकिन जांच के नाम पर कार्रवाई नहीं हुई।




