इंदौर: तरह-तरह के औषधि गुणों और विटामिन से भरपूर पैशन फ्रूट अब मध्य प्रदेश में भी उगाया जा रहा है। पहली बार इंदौर की एक प्रगतिशील महिला एंटरप्रेन्योर ने पैशन फ्रूट की खेती शुरू करने के साथ लोगों को इसके स्वाद और स्वास्थ्य आधारित फायदे के लिए प्रोसेसिंग करके अलग-अलग फूड प्रोडक्ट बनाने की अनूठी पहल की है। इसमें महिला के पति हिमांशु नामदेव और बेटा स्वाहिम नामदेव भी साथ देते हैं। प्रोसेसिंग यूनिट से गांव के कई लोगों को रोजगार मिला है।
🌍 विदेशी फल है पैशन फ्रूट
पैशन फ्रूट मूलतः दक्षिण अमेरिका, पैराग्वे, ब्राजील का फल है, लेकिन पैशन फ्रूट अब मालवा की उपजाऊ सरजमीं में उगाया जा रहा है। यह पहला मौका है जब इंदौर के महू के पास स्थित अवलाय गांव में अपनी छोटी सी जमीन पर गांव की प्रगतिशील महिला एंटरप्रेन्योर स्वाति नामदेव ने पैशन फ्रूट का सफल उत्पादन शुरू किया। प्रदेश में इस फ्रूट की खेती के अलावा बाजार में बिक्री की नई संभावनाओं के द्वार खोल दिए हैं। दरअसल अपने एग्री फार्मिंग के शौक के चलते स्वाति इस क्षेत्र में खेती करना चाहती थीं। इसी दौरान उनके द्वारा अपने फार्म हाउस पर लगाई गई दो बेल में फल आए तो वे खुद पैशन फ्रूट को पहचान नहीं पाईं।
इसके बाद परिजनों ने इंटरनेट पर फोटो भेजकर फल के बारे में जानकारी निकाली तो पता चला यह पैशन फ्रूट है। इसके बाद उन्होंने फल को काटकर चखा तो उन्हें स्वाद बहुत अच्छा लगा। इसके बाद उन्होंने पल्प से जूस बनाकर पिया जो और ज्यादा स्वादिष्ट लगा। यह देखकर स्वाति ने जब इस फ्रूट के बारे में रिसर्च की तो पता चला पैशन फ्रूट सुपर फ्रूट है। इस फल की दुबई के अलावा एशियाई देशों में जबरदस्त मांग है, क्योंकि पैशन फ्रूट के 60% फलों में ही अच्छा पल्प बनता है और 40% फ्रूट में उतना अच्छा पल्प नहीं बनता।
🏭 गांव में लगाई पैशन फ्रूट की प्रोसेसिंग यूनिट
ऐसी स्थिति में न तो यह बाजार में बिकने आ पाता है और न ही इनका कोई खरीदार होता है। लिहाजा उनके मन में विचार आया कि क्यों न इसी फल की खेती करने के साथ इस फल से अन्य उत्पाद बनाने के लिए प्रोसेसिंग यूनिट डाली जाए। इसके बाद उन्होंने तय किया कि इंदौर में भले इस फल की कोई मंडी या बिक्री का कोई स्थान न हो, लेकिन दिल्ली, कच्छ और मुंबई के APMC मार्केट तक इसके उत्पाद जरूर बिक सकते हैं। लिहाजा उन्होंने महू के पास स्थित अवलाय गांव में मौजूद छोटी सी जमीन पर 2022 में इस फल की बेल लगाई। इसके बाद अक्टूबर में जब फल आए तो उन्होंने फलों की प्रोसेसिंग के बाद स्क्वैश और जैम तैयार किया जो खाने पर लोगों को बहुत पसंद आया।
🚀 ऐसे की प्रोसेसिंग यूनिट की शुरुआत
उनका प्रोडक्ट देखकर उद्यानिकी और कृषि विभाग से जुड़े अधिकारियों ने उन्हें इंदौर में लगाए गए कृषि मेले में एक स्टॉल दिया था, जहां उन्होंने लोगों को अपने उत्पाद को टेस्ट कराया। इसके बाद उन्होंने PMFME योजना के तहत लोन लेकर एक प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की और इसी साल जनवरी से उन्होंने अपने प्रोडक्ट फ्रूजेस्ट नाम से बेचना शुरू कर दिए। इसके बाद उन्होंने मीठे की तुलना में शुगर फ्री की बढ़ती मांग के चलते शुगर फ्री प्रोडक्ट बनाना शुरू किया। वहीं फलों की आपूर्ति के लिए अब उन्होंने अपने पड़ोसी किसान के अलावा खंडवा और अन्य इलाकों में भी इस फल की खेती शुरू कराई है, जिससे कि उनकी यूनिट के लिए फलों की कोई कमी न हो।
🌿 दुनिया भर में 400 किस्म
पैशन फ्रूट की दुनिया भर में 400 किस्म हैं, लेकिन भारत में पीला फल दक्षिण भारत में उगाया जाता है और लाल रंग का उत्तर पूर्व के इलाकों में पैदा होता है। जबकि पैशन फ्रूट की नई हाइब्रिड किस्म जो बेंगलुरु में कावेरी नाम से विकसित की गई, वह 10 डिग्री से लेकर 35 डिग्री तापमान के साथ 6.5 pH वाली जमीन पर आसानी से लग जाती है। इसलिए इंदौर में उसकी खेती संभव हो सकी है। इधर मध्य प्रदेश सरकार ने भी ड्रैगन फ्रूट और एवोकाडो के बाद 2023 में पैशन फ्रूट को मध्य प्रदेश की एग्जॉटिक फ्रूट की श्रेणी में शामिल कर लिया है। इसलिए भी सरकार इस फल की प्रोसेसिंग के साथ इसके उत्पादन को प्राथमिकता दे रही है।
💚 सेहत का खजाना है पैशन फ्रूट!
पैशन फ्रूट में बहुत अधिक फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट, पोटैशियम, मैग्निशियम के अलावा विटामिन C, विटामिन E आदि तत्व भरपूर मात्रा में हैं। वहीं, पाचन क्रिया और हृदय के स्वास्थ्य और इम्यूनिटी के लिहाज से यह बहुत अच्छा फल है। पेट रोग और पाचन क्रिया को सुधारने में यह फल बहुत सहायक है। वहीं अनिद्रा की बीमारी में भी इसका उपयोग होता है। फिलहाल इंदौर में कैंसर मरीजों के लिए इस फल की बहुत मांग है क्योंकि यह इम्यूनिटी बूस्टर भी कहलाता है।
इंदौर की चर्चित पोषण विशेषज्ञ डॉक्टर प्रीति शुक्ला बताती हैं कि, “पैशन फ्रूट सीजनल फ्रूट है, जो एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर है। इसके अलावा इसमें फाइबर बहुत होता है और विटामिन की भी बहुत मात्रा होती है। दरअसल पैशन फ्रूट की तरह अन्य फ्रूट भी रिएक्टिव ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस कम करते हैं इसलिए यह अनिद्रा के मामले में भी लाभकारी है। प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी यह कारगर है। इसलिए इंदौर में कई कैंसर पेशेंट इसका उपयोग कर रहे हैं।”
💰 पैशन फ्रूट से मुनाफे का गणित
-
जमीन: एक बीघा
-
लागत: करीब 1 लाख रुपये
पहले साल फलों की ₹100 किलो की बिक्री के हिसाब से कमाई दो से ढाई लाख रुपये होती है। दूसरे साल अच्छी फसल होने के कारण 3 से 3.5 लाख की कमाई होती है। इसी प्रकार 7 साल तक लगातार फल आने के कारण यह पौधा और फल बंपर लाभ देने वाली फसल है, जो एक बार लगाए जाने पर एक बेल पर 7 साल तक लगातार फल देता है।





