इंदौर। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में आम नागरिकों के लिए बेहतर और चुस्त-दुरुस्त पुलिसिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों के उत्साहवर्धन का साप्ताहिक कार्यक्रम निरंतर चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 27 अक्तूबर 2026 को पलासिया स्थित कार्यालय में पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा अपने कर्तव्य क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले 27 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र तथा नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर ने सभी पुरस्कृत कर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
👮♂️ गंभीर अपराध, साइबर रिकवरी, ड्रग्स जब्ती और यातायात प्रबंधन में मिला सम्मान: अति पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह ने भी सराहा
पुरस्कृत पुलिसकर्मियों में सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) संयोगितागंज श्रीमती नीति दंडोतिया, उपनिरीक्षक गौरव तिवारी, आरक्षक पूजा तोमर (सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस के सराहनीय कार्यों को आमजन तक पहुंचाने), संयोगितागंज थाने से सउनि ऋषि सिंह कुशवाह व टीम (गंभीर अपराध में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी), अन्नपूर्णा थाने से सउनि चंद्रपाल यादव व टीम (ब्राउन शुगर जब्ती), रक्षित केंद्र इंदौर से निरीक्षक गौतम जावरे व टीम (वीवीआईपी व्यवस्था एवं शस्त्र पूजन संचालन), अपराध शाखा से आरक्षक अकलेश प्रजापति (15 गुम मोबाइल रिकवर) तथा यातायात थाने से महिला आरक्षक श्रेया, पायल, श्रद्धा व रेशम (सुगम यातायात प्रबंधन) प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस गरिमामय अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सभी पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।









