टीकमगढ़: जिले के बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र में छतरपुर हाईवे पर रविवार को ग्रामीणों ने जाम लगा दिया और सड़क पर शव रख कर ग्रामीण धरने पर बैठ गए। लगभग एक घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान मौके से गुजर रहे केंद्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार के काफिले को भी लोगों ने रोक लिया और लापरवाही पर कार्रवाई करने की मांग की।
इस पर मंत्री ने अधिकारियों से चर्चा कर उन्हें दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीओपी टीकमगढ़ थाना प्रभारी बल्देवगढ़ सहित तहसीलदार मौके पर पहुंचे। पीड़ित स्वजन को आर्थिक सहायता राशि और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद जाम समाप्त कराया गया।
दरअसल, बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र के पटोरी गांव में शनिवार शाम 25 वर्षीय संगीता यादव की करंट लगने से मौत हो गई थी। महिला अपने खेत पर काम करने गई थी। इसी दौरान 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटने से वह उसकी चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। रविवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद जब महिला का शव लेकर स्वजन पहुंचे तो उन्होंने बल्देवगढ़-छतरपुर हाईवे रोड पर शव रख कर जाम कर दिया।
आर्थिक सहायता की मांग
एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों और स्वजन को समझाया गया। महिला के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। वे परिवार को आर्थिक सहायता की मांग कर रहे थे। बल्देवगढ़ तहसीलदार अनिल गुप्ता ने स्वजन को शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत करने का भरोसा दिया। इसके अलावा पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। ग्रामीण और परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया गया।
मंत्री ने की अधिकारियों से बात
इसी दौरान केंद्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार का काफिला मौसे से गुजरा तो लोगों ने उन्हें रोक लिया। यहां पर पहुंचे मंत्री ने किसी के मोबाइल से अधिकारियों से बात की और इसे बिजली कंपनी के कर्मचारी की लापरवाही बताते हुए उसके खिलाफ एफआईआर करने की बात कही। साथ ही मृतक के स्वजन को बिजली कंपनी से आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही। मौके पर लोगों ने मंत्री से कहा कि हम सभी ने आपको जिताया है, लेकिन जिले के हालात बदतर हैं लोग हर जगह परेशान हैं।
इस पर मंत्री ने कहा कि आप लोगों ने पूरे देश की जिम्मेदारी दी है ऐसे में जिले में कम रुक पाता हूं, लेकिन जो भी मामले सामने आते हैं दिशा की बैठक में संबंधित अधिकारियों से उस पर काम करने के निर्देश दिए जाते हैं। लोगों का कहना था कि यदि ऐसा ही रहा तो लोगों का विश्वास टूट जाएगा। मंत्री ने लोगों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
शाम तक नहीं हुई एफआईआर
मंत्री दोपहर को निर्देश देकर रवाना हो गए तो शाम छह बजे तक थाने में एफआइआर दर्ज नहीं हो सकी। बलदेवगढ़ थाना प्रभारी प्रीति भार्गव का कहना था कि मृतका के स्वजन के बयान लेने के बाद ही एफआईआर दर्ज की जाएगी।
गौरतलब है कि बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र में लगातार बिजली कंपनी की लापरवाही से इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं चार दिसंबर को ग्राम लखेरी में भी इसी प्रकार की घटना हुई थी।


