जगदलपुर : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर प्रवास को ध्यान में रखते हुए कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। पूरे बस्तर संभाग में सभी थानों, पुलिस चौकियों एवं फ़ॉरवर्ड बेस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा जिन स्थानों पर केंद्रीय गृहमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित है वहां तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकाबंदी के साथ ही सघन जांच भी की जा रही है।
अमित शाह 4 अक्टूबर को दोपहर 12:00 बजे जगदलपुर पहुंचेंगे। यहां मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद वे अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे बस्तर दशहरे के अंतर्गत आयोजित ‘मूरिया दरबार’ के कार्यक्रम में भाग लेंगे जिसे आदिवासियों की संसद कहा जाता है। इसके साथ ही वे स्वदेशी मेले के कार्यक्रम में भी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री आदिवासी समाज के माझी, मुखिया एवं प्रमुखों के साथ भोजन करने के अलावा कुछ पुलिस अधिकारियों से भी मुलाकात कर सकते हैं।
बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार रात 8:10 बजे रायपुर पहुंचेंगे। यहां वे नया रायपुर में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद शनिवार को दोपहर 12 बजे वे विशेष विमान से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जगदलपुर में दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। दंतेश्वरी मंदिर में पूजा के बाद गृहमंत्री शाह बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा मुरिया दरबार में शामिल होंगे।







