अनुपपुर। मध्य प्रदेश STF ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से मध्य प्रदेश लाए जा रहे 599 किलोग्राम गांजे को ट्रक सहित जब्त किया है। जब्त गांजे का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये तथा ट्रक की कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है।
ट्रक में लोहे की चादर से बनाया गया था गुप्त कम्पार्टमेंट
तस्करी के लिए ट्रक में लोहे की चादर से एक विशेष गुप्त कम्पार्टमेंट (केबिन) बनाया गया था, जो बाहर से दिखाई नहीं देता था। इस कम्पार्टमेंट में गांजे के पैकेट्स छिपाकर परिवहन किया जा रहा था। मध्य प्रदेश STF ने छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश सीमा के पास, जिला अनूपपुर के घने जंगल मार्ग पर यह ट्रक पकड़ा। पुलिस महानिदेशक मध्य प्रदेश, श्री कैलाश मकवाणा के निर्देशन में प्रदेश भर में “नशा से दूरी” अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत, मध्य प्रदेश एसटीएफ प्रमुख व विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार श्रीवास्तव के सशक्त मार्गदर्शन में STF इकाई जबलपुर द्वारा यह कार्रवाई की गई।
गोपनीय सूचना पर एसटीएफ की घेराबंदी
गोपनीय सूचना प्राप्त होने पर पुलिस अधीक्षक STF जबलपुर, राजेश सिंह भदौरिया के निर्देशन में दो विशेष टीमें गठित की गईं। इनका नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार तिवारी एवं निरीक्षक गणेश सिंह ठाकुर ने किया। कार्रवाई के दौरान संबलपुर (ओडिशा) से मैहर (मध्य प्रदेश) जा रहे ट्रक संख्या JH 02BL 7103 को जिला अनूपपुर के थाना जेतहरी अंतर्गत घने जंगल मार्ग से घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर इसमें से 599 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
दो आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की तलाश जारी
ट्रक के साथ दो आरोपियों अंकित विश्वकर्मा (निवासी जिला सीधी) और धनंजय सिंह पटेल (निवासी जिला सतना) को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों से गांजे के स्रोत, अवैध परिवहन के नेटवर्क तथा विक्रेताओं/क्रेताओं से संबंधित जानकारी जुटाने हेतु विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल प्रमुख टीम
उक्त सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक गोपाल सूर्यवंशी, प्रधान आरक्षक निर्मल पटेल, संपूर्णानंद, अंजनी पाठक, विनय कोरी तथा आरक्षक मनीष तिवारी, निलेश दुबे, राहुल रजक, रूपेश राय एवं नारायण प्रसाद की सराहनीय भूमिका रही।
















Users Today : 34
Total Users : 15257
Views Today : 41
Total views : 27952
Who's Online : 0
Server Time : February 25, 2026 8:10 pm