बुरहानपुर: मंगलवार दोपहर बुरहानपुर कलेक्ट्रेट में एक दिलचस्प और चर्चा का विषय बना मामला सामने आया। नागझरी पंचायत के ग्राम गुलई निवासी लखन पटेल कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्य प्रवेश द्वार पर फूल माला पहनकर नारियल फोड़ा। जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे कलेक्ट्रेट को जिले के भगवान रूपी कलेक्टर का मंदिर मानकर पूजन कर रहे हैं, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
RTI आवेदन से जुड़ा मामला
लखन पटेल ने बताया कि उन्होंने अपनी पंचायत से संबंधित कुछ जानकारी प्राप्त करने के लिए सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत आवेदन किया था। आरोप है कि पंचायत सचिव विजय महाजन ने उन्हें करीब एक महीने तक जानकारी के लिए भटकाया।
अधिक शुल्क वसूलने का आरोप
लखन का आरोप है कि जब जानकारी दी गई तो नियम अनुसार ₹2 प्रति कॉपी के बजाय ₹12 प्रति कॉपी के हिसाब से कुल ₹6180 वसूल लिए गए। इसे उन्होंने गंभीर अन्याय बताया।
शिकायत के बाद भी नहीं मिला न्याय
ग्रामीण का कहना है कि इस मामले की शिकायत उन्होंने सीईओ जनपद पंचायत सहित अन्य अधिकारियों से की, लेकिन उन्हें न्याय दिलाने के बजाय अधिकारियों द्वारा धमकाया गया।
राजनीतिक हस्तक्षेप की बात
इस प्रकरण में कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष रविंद्र महाजन ने कलेक्टर हर्ष सिंह से शिकायत करने की बात कही है। मामले को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चा बनी हुई है।






