देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में BNP थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बामनखेड़ा क्षेत्र में मक्सी बायपास ब्रिज के पीछे ढोली मोहल्ले में एक घर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से आरोपी अतुल राव (पिता विष्णु राव, निवासी बामनखेड़ा) को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है।
🔍 थाना प्रभारी प्रीति कटारे के नेतृत्व में हुई छापेमारी, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
यह पूरी कार्रवाई BNP थाना प्रभारी प्रीति कटारे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बामनखेड़ा इलाके में अवैध रूप से शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित दबिश दी और घर की तलाशी के दौरान 18 पेटी अवैध शराब जप्त की। पुलिस ने आरोपी अतुल राव के खिलाफ आबकारी अधिनियम (Excise Act) की धारा 34(2) के तहत गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह शराब कहाँ से लाई गई थी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।






