खैरागढ़ : खैरागढ़ जिले के आख़िरी छोर में बेस घाघरा गांव में स्थित एक बटालियन कैंप में तैनात जवान की गोली लगने से मौत हो गई। यह घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। मृत जवान को सोमवार तड़के जिला मुख्यालय के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को अस्पताल की मरच्यूरी में सुरक्षित रखा गया है।
मृतक जवान की पहचान सोनवीर जाट के रूप में हुई है, जो उत्तरप्रदेश का निवासी बताया जा रहा है। घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के खैरागढ़ पहुंचने के बाद सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में एक आरोपी के पकड़े जाने की भी जानकारी सामने आ रही है, हालांकि पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। गोली कैसे चली, यह हादसा था या किसी आपसी विवाद का परिणाम—इन सभी पहलुओं को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना के बाद कैंप और आसपास के इलाके में हलचल का माहौल है। पुलिस व संबंधित सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हुई हैं। आधिकारिक बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले को संवेदनशील मानते हुए सतर्कता बरत रहा है।
















Users Today : 1
Total Users : 15262
Views Today : 1
Total views : 27958
Who's Online : 0
Server Time : February 26, 2026 1:38 am